
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी और सीआईबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से करीब 3.54 करोड़ रुपये कीमत का सोना बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा करते हुए एन कोलांची ने बताया कि बरामद सोना अफ्रीका से लाया गया था, जिसे बांग्लादेश के रास्ते पश्चिम बंगाल के जरिए भारत में तस्करी कर लाया गया था। इसकी डिलीवरी दिल्ली में की जानी थी।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 20503 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस की जांच के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर खड़ी ट्रेन से दो संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी में उनके पास से 116 ग्राम के 19 सोने के बिस्कुट (कुल 2.215 किलोग्राम) बरामद हुए, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3.54 करोड़ रुपये बताई जा रही है।पकड़े गए आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र निवासी बालासोर और तेजस बालासाहेब पवार के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों में से एक छात्र है और दोनों तस्करी के लिए बेहद संगठित और गुप्त तरीके का इस्तेमाल करते थे। आईजी जीआरपी ने बताया कि आरोपियों को केवल एक फोन दिया जाता था, जिसके जरिए उनसे संपर्क किया जाता था। उन्हें यह भी पता नहीं होता था कि दिल्ली में सोना किसे सौंपना है। दिल्ली पहुंचने से पहले फोन पर ही उन्हें डिलीवरी के लिए व्यक्ति की जानकारी दी जाती थी और फोन भी उसी व्यक्ति को सौंपने का निर्देश होता था। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी पिछले तीन महीनों में 35 से 40 बार तस्करी कर चुका है। वह पहले भी पकड़ा जा चुका है, लेकिन हर बार छूटने के बाद दोबारा इस धंधे में शामिल हो जाता था।
फिलहाल आरपीएफ, जीआरपी और एसआईबी की टीम इस अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। बरामद सोना कस्टम विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह और नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया जाएगा।



