
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
गोला गोकर्णनाथ (छोटी काशी): सावन के चतुर्थ सोमवार को लेकर गोला गोकर्णनाथ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। भीड़ और व्यवस्था को देखते हुए लखनऊ मंडल की कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए मेला क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने अधिकारियों को सजग रहकर और समर्पण भाव से कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी संकल्प शर्मा और एसडीएम युगांतर त्रिपाठी लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए हैं।
हर संवेदनशील स्थल पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और सहायता केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हालांकि, नगर पालिका की लापरवाही इस पावन अवसर पर भी सामने आ गई है। मेला क्षेत्र में जलभराव और गंदगी के चलते श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर स्थानीय लोग और भक्तजन कीचड़ और गंदे पानी से होकर मंदिर तक पहुंचने को मजबूर हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन को जल्द ही सफाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करनी होगी, ताकि ‘छोटी काशी’ की आस्था पर कोई आंच न आए।





