- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। जौनपुर शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती ने प्रेमी से विवाह की जिद पर मंगलवार दोपहर हाइटेंशन पोल पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर प्रेमिका को नीचे उतारा। पुलिस युवती को हिरासत में लेकर मामले में पूछताछ करती रही। गांव निवासी 19 वर्षीया युवती का आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थानांतर्गत नंदाव गांव निवासी युवक से चक्कर चल रहा था।
मामले की जानकारी होने पर तीन महीने पूर्व युवती के परिजनों ने इसका विरोध किया तो युवती आशिक संग फरार हो गई। पुलिस ने जनवरी महीने में प्रेमी युगल को बरामद किया।युवती के परिजनों की तहरीर पर प्रेमी पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर चालान न्यायालय भेज दिया। कुछ समय बाद जेल से जमानत पर छूटकर आने की खबर लगने पर युवती पुनः प्रेमी संग विवाह रचाने की जिद पर अड़ गई।
परिजनों द्वारा दोनों के अलग समुदाय से होने का हवाला देकर विरोध करने से नाराज प्रेमिका बगल के गांव जनपद की सीमा से सटे आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थानांतर्गत बैरकडीह गांव स्थित हाइटेंशन विद्युत पोल पर चढ़कर प्रेमी से शादी कराने की जिद पर अड़ी रही।




