गाजीपुर: अस्पताल में हंगामा, भाजपा विधायक बेदी राम और डॉक्टर में तीखी नोकझोंक, डॉक्टर बोले- “इस्तीफा भेज दूंगा, ऐसे कई विधायक देखे हैं”

- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
गाजीपुर: जिले के एक सरकारी अस्पताल में उस वक्त तनावपूर्ण माहौल बन गया जब भाजपा सहयोगी पार्टी एसबीएसपी के विधायक बेदी राम ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में अनियमितताओं को लेकर वरिष्ठ डॉक्टर और अधीक्षक योगेंद्र यादव को फटकार लगा दी। जवाब में डॉक्टर ने भी विधायक को दो टूक जवाब देते हुए कहा, “मैं अपना इस्तीफा भेज दूंगा, आपके जैसे कई विधायकों को आते-जाते देखा है।”
विधायक बेदी राम अस्पताल के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए अधीक्षक और डॉक्टर को जमकर डांट लगाई। उन्होंने डॉक्टर पर समाजवादी पार्टी से सहानुभूति रखने का आरोप भी लगाया।
इस आरोप और दबाव से नाराज़ डॉक्टर ने भी सीधे जवाब देते हुए कहा कि वह इस्तीफा देने को तैयार हैं और उन्हें ऐसे कई नेताओं का आना-जाना देखने की आदत है।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, और इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। मामला अब स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की नजर में आ चुका है।








