
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
गाजियाबाद: कविनगर थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर चौकी पर तैनात महिला सब इंस्पेक्टर ऋचा शर्मा (25) की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वो ड्यूटी खत्म कर देर रात स्कूटी से अपने कमरे लौट रही थीं। रास्ते में अचानक एक कुत्ता सामने आ गया, जिससे बचने की कोशिश में उनकी स्कूटी फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़ीं।
गिरने के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे मौके पर ही उनकी हालत नाजुक हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ऋचा शर्मा कानपुर की रहने वाली थीं और उन्होंने 2023 में ही यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर के रूप में सेवा जॉइन की थी। एसीपी कविनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।





