
-वाराणसी मे जुए की महफिल पर पुलिस का छापा, तीन गिरफ्तार
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट के गोमती ज़ोन में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत थाना फूलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुए की महफिल पर ताबड़तोड़ छापा मारा। इस दौरान तीन जुआरियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनके कब्जे से नगद राशि और ताश के पत्ते बरामद किए गए।
घटना 25 मार्च 2026 की है, जब थाना फूलपुर के उपनिरीक्षक सत्यजीत सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ताड़ी कर्बला के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और तीनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में अभियुक्तों के पास से कुल ₹2630/- नगद बरामद हुए, जिसमें ₹1420/- व्यक्तिगत रकम और ₹1210/- मालफड़ के रूप में शामिल हैं। इसके अलावा मौके से 52 ताश के पत्तों की गड्डी भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस्तियाक अंसारी (56 वर्ष), अशोक सेठ (34 वर्ष) और मंगल कुमार (42 वर्ष) निवासी ग्राम ताड़ी, थाना फूलपुर, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। इस मामले में थाना फूलपुर में मु0अ0सं0–91/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। अवैध गतिविधियों पर पुलिस की सख्ती जारी पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियानों के चलते अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जताई है।





