
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: जनपद हाथरस के थाना सहपऊ क्षेत्र के ग्राम नगला कली में हुई एक महिला की दर्दनाक हत्या का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्या मामले में सहपऊ पुलिस ने नामजद आरोपी जीतू उर्फ आदित्य एवं उसके साथी आशीष को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार—छुरा (आलाकत्ल) भी बरामद कर लिया है।
इस संबंध में मृतका के पिता राजू शर्मा, निवासी न्यू राजेन्द्र नगर, अलीगढ़, ने 4 जुलाई 2025 को थाना सहपऊ में लिखित तहरीर देकर सूचना दी थी कि उनकी पुत्री ने 3 वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। लेकिन उसका पति जीतू शराब पीकर मारपीट करता था, जिससे तंग आकर वह करन नामक युवक के साथ रहने लगी थी। इसी रंजिश में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला की हत्या कर दी।

हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस ने तत्काल थाना प्रभारी सहपऊ ललित कुमार शर्मा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिसके बाद गठित टीम ने तकनीकी सर्विलांस और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर आज नहर पुल वाईपास दयानतपुर से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की तेजी और सटीक कार्रवाई के चलते केस का खुलासा महज कुछ ही दिनों में कर लिया गया, जिससे क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है।





