
अयोध्या। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेश तथा जिलाधिकारी अयोध्या के निर्देशन में आगामी होली त्योहार को देखते हुए सघन अभियान चलाया जा रहा है। 27 फरवरी 2026 को सहायक आयुक्त (खाद्य) के नेतृत्व में सचल दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जब्तीकरण की कार्रवाई की।

जांच अभियान के तहत प्रतिष्ठान ब्लिंक कामर्स प्रा. लि. से 1 नमूना खजूर लिया गया तथा 18 किलोग्राम खजूर (मूल्य 9,180 रुपये) जब्त किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री नन्द किशोर यादव और श्री अजय कुमार सोनी की टीम द्वारा 1 नमूना खजूर के साथ 1560 किलोग्राम खजूर (मूल्य 7,80,000 रुपये) जब्त किया गया।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पी.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अनूप सिंह ने 1 नमूना बादाम लेते हुए 249 किलोग्राम बादाम (मूल्य 2,11,650 रुपये) जब्त किया। वहीं, श्री सुमित चौधरी द्वारा 1 नमूना काजू और 1 नमूना खजूर के साथ 99 किलोग्राम बादाम (मूल्य लगभग 82,170 रुपये) तथा 49 किलोग्राम काजू (मूल्य 32,340 रुपये) जब्त किए गए।

अब तक कुल 46 नमूनों का संकलन कर उन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। इसके अलावा 96 किलोग्राम पनीर और खोया (कुल मूल्य 71,580 रुपये) को नष्ट कराया गया। अभियान के दौरान अब तक कुल 24,71,408 रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त की गई है।

जिलाधिकारी के निर्देशन में यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि होली के अवसर पर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।




