
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी: दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट के बाद आतंकी खतरा बढ़ गया है। इंडिगो एयरलाइंस को एक धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसमें कई एयरपोर्ट्स को उड़ाने की बात कही गई है। हालांकि, दिल्ली एयरपोर्ट पर मिली बम की सूचना अफवाह साबित हुई है।
सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कदम उठाते हुए दिल्ली, चेन्नई और गोवा एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी है।
वाराणसी में इंडिगो फ्लाइट को बम की सूचना
आज तड़के कोलकाता एयरपोर्ट एटीसी से वाराणसी एटीसी को सुबह करीब 3:58 बजे फ्लाइट संख्या IX-1023 (मुंबई से वाराणसी) में बम होने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही वाराणसी एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। सुरक्षा बलों ने तत्काल सतर्कता बरती और फ्लाइट को आपातकालीन लैंडिंग कराई। फ्लाइट सुबह करीब 4:19 बजे सुरक्षित रूप से उतार ली गई।
फ्लाइट में कुल 182 यात्री सवार थे। लैंडिंग के बाद CISF और एयरपोर्ट सुरक्षा टीम ने पूरे विमान की सघन तलाशी शुरू कर दी। यात्रियों की फ्रिस्किंग की जा रही है और सभी से विस्तृत पूछताछ हो रही है।
अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
जांच एजेंसियों के मुताबिक, अब तक की तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं पाई गई है। सर्च ऑपरेशन जारी है।
देशभर के प्रमुख एयरपोर्ट्स पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। दिल्ली ब्लास्ट के बाद लगातार मिल रही धमकियों से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।


