
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजीव कृष्णा, पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 द्वारा आज दिनांक 15.08.2025 को तिलक मार्ग, स्थित कैम्प कार्यालय, लखनऊ में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें दी गयीं।
तत्पश्चात पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 महोदय द्वारा पुलिस मुख्यालय गोमती नगर विस्तार के प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 द्वारा सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को शुभकामनायें देते हुए मुख्यालय में नियुक्त निम्न पुलिस कार्मिकों को पदक से अलंकृत किया गया।
उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्हः-
1. रायबहादुर सिंह, उपनिरीक्षक, कानून व्यवस्था शाखा, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक उ0प्र0।
सराहनीय सेवा सम्मान चिन्हः-
1. धीरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक, परिवहन शाखा मुख्यालय पुलिस महानिदेशक उ0प्र0।
पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 का प्रषंसा चिन्ह-गोल्डः-
1. अंकित कुमार, आरक्षी सुरक्षा शाखा, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक उ0प्र0।
पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 का प्रशंसा चिन्ह-सिल्वरः-
1. ओम प्रकाश गुप्ता, उपनिरीक्षक, कानून व्यवस्था शाखा, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक उ0प्र0।
2. अवधेश कुमार, आरक्षी, गोपनीय कार्यालय एसओ टू डीजीपी, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक उ0प्र0।
3. बब्बन यादव, आरक्षी चालक, परिवहन शाखा मुख्यालय पुलिस महानिदेशक उ0प्र0।
पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 द्वारा उक्त अवसर पर अपने सम्बोधन में कहा गया कि:-
आज, स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर मैं भारत और भारतीयता को अपना सर्वस्व मानने वाले हर नागरिक को, लोकतंत्र और संविधान की मर्यादा को जीवन का धर्म मानने वाले हर भारत-भक्त को, और उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार के प्रत्येक साहसी प्रहरी तथा उनके गौरवशाली परिजनों को हृदय से शुभकामनाएं अर्पित करता हूं।
- हम कानून-व्यवस्था को हर कीमत पर कायम रखेंगे, और साइबर अपराध के बढ़ते खतरे का मुकाबला अत्याधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की शक्ति से करेंगे।
- हमारी पुलिस सेवाएँ न केवल बेहतर होंगी, बल्कि हर नागरिक के लिए भरोसेमंद बनेंगी।
- हम अपने कर्मियों के कल्याण पर विशेष ध्यान देंगे, उनकी प्रतिभा और विशेषज्ञता का सर्वोत्तम उपयोग करेंगे, और निरंतर प्रशिक्षण से अपनी क्षमता को निखारते रहेंगे।
यह दस प्राथमिकताएँ ही हमारी ‘Beacon Light’ हैं, जो हर परिस्थिति में हमारा मार्गदर्शन करेंगी और हमें उस मंजिल तक पहुँचाएँगी, जहाँ उत्तर प्रदेश का हर नागरिक गर्व से पूरे विश्व में उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम ले सकेगा।
मुझे गर्व है कि माननीय मुख्यमंत्री जी के सतत मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने 60,244 आरक्षियों की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराकर उत्तर प्रदेश पुलिस को एक नई शक्ति दी है।
उत्तर प्रदेश पुलिस के नए भर्ती साथियों के प्रशिक्षण में इस बार एक Paradigm Shift हुआ है। हाल ही में भर्ती हुए 60,244 आरक्षियों का प्रशिक्षण पारंपरिक ढांचे से हटकर हाइब्रिड मोड में दिया जा रहा है। सिम्युलेशन-आधारित अभ्यास, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समर्थित प्रशिक्षण मॉड्यूल के माध्यम से अभ्यर्थियों को वास्तविक जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है। यह बदलाव न केवल प्रशिक्षण पद्धति का कायाकल्प है, बल्कि ‘नई पीढ़ी की नई पुलिस’ तैयार करने की दिशा में एक ठोस कदम है।
साथियों, वर्ष 2017 से अब तक कुख्यात माफियाओं में से 34 माफिया और उनके 91 सहयोगी दोषी सिद्ध हो चुके हैं, जिनमें से 2 को मृत्युदंड मिला है। गैंगेस्टर अधिनियम के अंतर्गत कुल 144 अरब रूपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त हुई। यह उत्तर प्रदेश सरकार के साहस और संकल्प की ऐतिहासिक मिसाल है।
दिनाँकः 01.07.2023 से 21.07.2025 तक 1 लाख से अधिक अभियुक्तों को दोषसिद्ध कराया गया है। मा0 न्यायालय में सघन पैरवी करते हुए 70 अभियुक्तों को मृत्युदण्ड एवं 8,785 अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा दिलायी गई है। यह आंकड़े केवल संख्या नहीं, बल्कि अपराध के विरुद्ध हमारी अडिग प्रतिज्ञा के प्रमाण हैं।
UP-112 ने हमारी गतिशीलता को गति, रिस्पॉन्स टाइम को रफ्तार और फुट पेट्रोलिंग को प्रभावशाली उपस्थिति में बदल दिया है।
हमारी 112 हेल्पलाइन अब देश की सर्वश्रेष्ठ इमरजेंसी सेवा है। वीमेन पावर लाइन 1090, GRP, फायर सर्विस, महिला हेल्पलाइन 181, एम्बुलेंस सेवा 108, परिवहन हेल्पलाइन और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 सब एक ही मंच पर होने से एक कॉल में मदद के सभी द्वार खुल जाते हैं।
साथियो, हमने तकनीक को सिर्फ मशीनों की भाषा तक सीमित नहीं रखा, हमने उसे जीवन-रक्षक संवेदना में बदल दिया है। पुलिस मुख्यालय का सोशल मीडिया सेंटर देश में पहला है, जिसने सोशल मीडिया पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट का तुरंत संज्ञान लेकर, जनपदीय पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 1 जनवरी 2023 से 12 अगस्त 2025 के बीच 1257 लोगों के प्राण बचाए हैं। यह न केवल हमारी संवेदनशीलता का प्रमाण है, बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक Global Best Practice भी है।
साथियो, यह सफलता कोई आकस्मिक उपलब्धि नहीं, बल्कि माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पुलिस की निरंतर मेहनत, सुदृढ़ व्यवस्था और ‘Reform, Perform, Transform’ के मंत्र पर आधारित हमारी अटूट प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण है।
हमारी सफलता का अंतिम मापदंड एक मुस्कुराता हुआ, आत्मविश्वास से भरा और सुरक्षित नागरिक होगा। आइए, आज के पावन अवसर पर हम सभी यह प्रतिज्ञा करें कि उत्तर प्रदेश पुलिस की नयी पहचान, नयी ऊर्जा और नयी विश्वसनीयता आने वाले कल में भी कानून के प्रति अटूट आस्था और नागरिक सुरक्षा की अमिट गारंटी बनी रहेगी।
जय हिंद!





