
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
फिरोजाबाद: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी वही पार्टी है जिसने कभी वादा किया था कि किसानों की आय दोगुनी होगी, लेकिन आय बढ़ी नहीं, सिर्फ आंकड़ों में हेरफेर कर दी गई।
उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रिपोर्टों और घोषणाओं में न जाने कितनी आय दिखा दी हो, लेकिन जमीन पर किसान आज भी वहीं खड़ा है।”
अखिलेश यादव ने चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा, “अब लड़ाई हमसे हटकर चुनाव आयोग और डीएम के बीच में हो गई है। चुनाव आयोग कहता है कि उसे सूची नहीं मिली, जबकि डीएम कहते हैं कि उन्हें सूची मिल चुकी है।”
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जो बीजेपी कहेगी, वही इलेक्शन कमिशन करेगा।”
बिहार दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि बहुत जल्द बिहार के लोग बुलाएंगे तो वहां भी जाएंगे। वहीं भाजपा पर हमला तेज करते हुए उन्होंने नारा दिया, “वोट चोर, गद्दी छोड़, समाजवादियों ने इसके आगे जोड़ा है — डकैती छोड़।”
दिल्ली और लखनऊ सरकारों पर भी हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “दिल्ली की सरकार बड़ी-बड़ी बातें करती है, और लखनऊ वाले हवा में रहते हैं। न खाद का इंतजाम कर पा रहे हैं, न कानून व्यवस्था संभाल पा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि मुरादाबाद और अलीगढ़ का कारोबार बर्बादी की कगार पर है, और इसका सीधा असर फिरोजाबाद पर पड़ेगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री पर हुए हमले को दुखद और निंदनीय बताते हुए उन्होंने कहा, “किसी भी जनप्रतिनिधि, खासकर महिला मुख्यमंत्री के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।”
अंत में अखिलेश यादव ने कहा, “दुनिया के तानाशाह कुर्सी बचाने के लिए ऐसे ही फैसले लेते हैं, लेकिन चाहे वो जर्मनी हो, इटली या रूस — कोई भी अपनी कुर्सी नहीं बचा पाया। बीजेपी भी वही रास्ता अपना रही है।”





