
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
फिरोजाबाद में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने भिक्षावृत्ति और बालश्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन मासूम बच्चों को रेस्क्यू किया है। यह अभियान जैन मंदिर और मीरा चौराहे के आसपास चलाया गया, जहां से बच्चों को मुक्त कराया गया।
चिराग सोसाइटी और AHTU का संयुक्त अभियान
यह रेस्क्यू ऑपरेशन AHTU और चिराग सोसाइटी के संयुक्त प्रयास से किया गया। बच्चों को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश कर बाल गृह भेजा गया, जहां उन्हें सुरक्षित माहौल और देखभाल मिलेगी।
एसएसपी के निर्देश पर चला ऑपरेशन
इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर अंजाम दिया गया। जांच में सामने आया कि ये मासूम बच्चे भीख मंगवाने और मजदूरी कराने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे।
बालश्रम में संलिप्त लोगों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि बालश्रम और भिक्षावृत्ति में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि कहीं बच्चों का शोषण होते देखें तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
यह कार्रवाई बाल अधिकारों की रक्षा की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है और प्रशासन ने साफ कर दिया है कि मासूमों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।





