
- रिपोर्ट: पंकज झा
चन्दौली। कृषि रक्षा अधिकारी स्नेह प्रभा ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि जनपद के किसानों को अब फसलों में लगने वाले हानिकारक कीटों से निजात दिलाने के लिए रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कृषि विभाग के तरफ से जनपद में 75 प्रतिशत अनुदान पर सोलर लाइट ट्रैप योजना शुरू की है, जो एक पर्यावरण अनुकूल तकनीक से हानिकारक कीटो का प्रबंधन करने में मदद करेगा ।अपने जनपद के किसानों के लिए कुल 900 सोलर लाइट ट्रैप शासन से उपलब्ध कराए गए हैं। एक सोलर लाइट ट्रैप की कीमत 635 रुपये शासन से निर्धारित की गई है जिस पर किसानों को 75 प्रतिशत अनुदान यानि रुपये 476/- डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए किसान का पंजीकरण होना अनिवार्य है।
क्यों करें लाईट ट्रैप का प्रयोग
आमतौर पर कीट नियंत्रण के लिए किसान भाईयों द्वारा रासायनिक कीटनाशकों का प्रयोग किया जाता है जिससे जहां फसलों की गुणवत्ता प्रभावित होती है वहीं मानव स्वास्थ्य को नकारात्मक प्रभाव पड़ता है साथ ही साथ रसायन मित्र कीटों को भी नष्ट कर देते हैं जिससे खेती का प्राकृतिक संतुलन बिगड़ जाता है। सोलर लाइट ट्रैप के प्रयोग से इन दुष्प्रभावों से बचा जा सकेगा और कीटनाशकों के अत्यधिक छिड़काव में भी कमी आएगी।
इस प्रकार काम करेगा यह उपकरण यह उपकरण सौर ऊर्जा से सचालित होने वाला है जो एक विशेष प्रकार की लाइट देता है जिसको खेतो में स्थापित करना होगा। उपकरण दिन में सोलर प्लेट से स्वयं चार्ज होने के बाद रात में स्वतः जल जायेगा।इसके विशेष प्रकाश से आकर्षित होकर हानिकारक कीट नीचे लगे संग्रह कक्ष में गिर जायेंगे जिसमे पेट्रोल डीजल युक्त जल भरा होगा, यहां वे नष्ट हो जायेंगे। यह एक सुरक्षित एवं किफायती तकनीक है जो पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।





