
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी/प्रयागराज। जीआरपी प्रयागराज और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन से एक फर्जी आरपीएफ दरोगा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले तीन महीनों से वर्दी पहनकर ट्रेन में बिना टिकट यात्रा कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी अभियान के तहत प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर संदिग्ध गतिविधि के आधार पर युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान दिव्यांशु कुमार (निवासी गाजीपुर) के रूप में हुई, जिसकी उम्र करीब 22 वर्ष बताई गई है।
वर्दी पहनकर करता था मुफ्त सफर
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि घरवालों के नौकरी के दबाव के कारण उसने आरपीएफ की वर्दी तैयार करवाई और खुद को दरोगा बताकर ट्रेनों में मुफ्त यात्रा करता था। वह स्टेशन पर तैनात असली अधिकारियों को देखकर उनकी तरह वर्दी और सामान जुटाता रहा।
बरामद हुआ सामान
पुलिस ने आरोपी के पास से आरपीएफ की वर्दी, स्टार, बैज, मोनोग्राम, बेल्ट, जूते सहित अन्य सामान बरामद किया। साथ ही तलाशी में 650 रुपये नकद, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड भी मिले, जिन्हें नियमानुसार सील किया गया।
पहले से दर्ज है मुकदमा
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और आरपीएफ के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा।





