
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। जनपद अयोध्या में अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती दिखाते हुए आबकारी विभाग ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। 24 दिसंबर 2025 से 05 जनवरी 2026 तक चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक स्तर पर छापेमारी की गई, जिससे शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान आबकारी टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 359 स्थानों पर छापे मारे। इस दौरान 48 मुकदमे दर्ज किए गए। कार्रवाई में 1731 लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई, जबकि मौके पर ही 740 लीटर लहन को नष्ट कराया गया।
छापेमारी के दौरान 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की गई। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री में लिप्त नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनहानि की घटनाओं पर पूर्ण अंकुश लगाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से ऐसे विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।





