
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद के आलमपुर होज क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कक्षा 9 की एक छात्रा के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार की घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। पीड़िता के परिजनों ने एक नामजद व्यक्ति सहित दो-तीन अज्ञात व्यक्तियों पर इस जघन्य अपराध का आरोप लगाया है।
घटना के अनुसार, किशोरी सुबह अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। लेकिन स्कूल प्रशासन द्वारा उसकी अनुपस्थिति की सूचना मिलने पर परिजन स्कूल पहुंचे, जहां उन्हें किशोरी स्कूल के गेट के बाहर बेहोशी की हालत में मिली। हैरानी की बात यह है कि उसकी साइकिल स्कूल परिसर के अंदर पाई गई, जबकि वह स्वयं बाहर बदहवास अवस्था में थी।
परिजनों का आरोप है कि एक नामजद व्यक्ति और उसके साथी, जो एक कार में सवार होकर आए थे, ने किशोरी को जबरन कार में खींचकर ले गए और उसके साथ गलत कार्य किया। किशोरी ने होश में आने पर परिजनों को बताया कि आरोपियों ने उसे एक बुजुर्ग महिला के घर ले जाकर इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया।
यह पूरी घटना आलमपुर होज स्थित एक स्कूल की है। परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से इस मामले में त्वरित कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है। इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्कूल में बिना किसी एंट्री के साइकिल अंदर कैसे पहुंची? स्कूल के गेट पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे क्यों नहीं लगे हैं? और वह बुजुर्ग महिला का घर, जहां कथित तौर पर यह अपराध हुआ, कहां है?
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गुस्सा और आक्रोश है। परिजनों और समुदाय ने मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।





