
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने एक बार फिर बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए दो टूक कहा है कि अब चेत जाने का समय है, वरना कार्रवाई तय है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “मैंने तीन साल तक समझाया, लेकिन अब समय निकल चुका है।”
मंत्री ने कहा कि अगर किसी अधिकारी को लगता है कि मंत्री केवल दिखावे के लिए है, और वह न तो ट्रांसफर कर सकता है, न सस्पेंड — तो यह गलतफहमी जल्द दूर कर लें। अपनी बात को तीखे अंदाज में रखते हुए उन्होंने कहा, “अगर मैंने राम जी की तरह तीर छोड़ दिया, तो फिर दिल्ली से लेकर राष्ट्रपति भवन तक कोई नहीं बचा पाएगा।”
यह बयान उन्होंने गुरुवार को बिजली विभाग की समीक्षा बैठक में दिया, जिसमें उन्होंने विभागीय लापरवाही और कार्यप्रणाली को लेकर अफसरों की जमकर क्लास ली। मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा, “इस विभाग को बनिए की दुकान न समझा जाए।”
गौरतलब है कि ऊर्जा मंत्री एके शर्मा लगातार बिजली व्यवस्था को लेकर गंभीर रुख अपनाए हुए हैं और कई मौकों पर अधिकारियों को कार्यशैली सुधारने की चेतावनी दे चुके हैं। लेकिन अब उन्होंने साफ कर दिया है कि आगे कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





