
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस विधानसभा के विकास को लेकर राजधानी लखनऊ स्थित 5-कालिदास मार्ग, मुख्यमंत्री आवास पर एक अहम मुलाकात हुई। हाथरस की माननीय विधायक अंजुला सिंह माहौर ने उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर क्षेत्र से जुड़े कई बड़े और लंबे समय से लंबित विकास मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाया।
इस मुलाकात में हाथरस नगर में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना, जिला स्तरीय अतिथि गृह का निर्माण, पॉलिटेक्निक कॉलेज के क्रीड़ा स्थल पर मिनी स्टेडियम, और मेडिकल कॉलेज के निर्माण को शीघ्र शुरू कराने जैसे महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से रखे गए। इसके साथ ही सड़कों के नव-निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों के पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपे गए।


सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हाथरस विधानसभा से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक अंजुला सिंह माहौर द्वारा दिए गए सभी पत्रों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


इस मुलाकात के बाद हाथरस में विकास को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि ट्रांसपोर्ट नगर से व्यापार को नई रफ्तार मिलेगी, अतिथि गृह से शहर की प्रतिष्ठा बढ़ेगी, मिनी स्टेडियम से युवाओं को खेल का मंच मिलेगा और मेडिकल कॉलेज शुरू होने से स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।

हाथरस की जनता के लिए यह मुलाकात विकास की नई इबारत लिखने का संकेत मानी जा रही है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जमीन पर ये घोषणाएं कितनी जल्दी आकार लेती हैं।
एक बात तय है—हाथरस के विकास की फाइल अब रफ्तार पकड़ चुकी है।





