
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चन्दौली पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा गौतस्करी व गौतस्करी करने वाले गिरोह के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु दिये गये निर्देशों के अनुपालन के क्रम मे अपर पुलिस अधीक्षक सदर, अनंत चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा थाना सैयदराजा के कुशल नेतृत्व में उ0नि0 राजेश कुमार मय हमराह के साथ जमनियां तिराहे पर संदिग्ध वाहन/व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि एक संदिग्ध वाहन में गोवंशों को क्रूरतापूर्वक लादकर बिहार की ओर वध हेतु ले जाया जा रहा है।
प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा एनएच-2 हाईवे पर ग्राम जेठमलपुर के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की गई। कुछ समय पश्चात एक वाहन आता दिखाई दिया, जिसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक द्वारा वाहन को तेज एवं खतरनाक तरीके से चलाते हुए पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया गया। तत्पश्चात वाहन बैरियर व डिवाइडर से टकराकर रुक गया। पुलिस टीम द्वारा अपना बचाव करते हुए घेराबन्दीकर चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
चालक की पहचान अमरजीत यादव पुत्र काली प्रसाद निवासी नाला मुहल्ला बरियाटोला रौनाही थाना रौनाही जनपद अयोध्या उम्र करीब 30 वर्ष के रुप में हुई। बोलेरो मैक्स वाहन सं0 (UP42 ET 1857) को चेक किया गया तो उसमें से कुल 06 राशि गोवंशों (गाय) व अभियुक्त के कब्जें से एक लोहे का चापड़, एक मोबाइल फोन एवं ₹300 नकद भी बरामद हुआ।
पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि वह गोवंशों को जनपद सुल्तानपुर से इकट्ठा कर बिहार ले जा रहा था। गिरफ्तारी व बरामदगी के सम्बन्ध में थाना सैयदराजा पर मु0अ0सं0 80/2026 धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम व धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, धारा 109/325 बीएनएस तथा 4/25 आर्म्स एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।




