
रिपोर्ट- अनुराग सिंह बिष्ट
गोंडा
गोंडा जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण मनोरमा नदी के पुनर्जीवन के लिए अब एक नई शुरुआत की गई है। जिलाधिकारी नेहा शर्मा के नेतृत्व में ‘मिशन मनोरमा’ के तहत नदी को फिर से जीवंत करने का प्रयास तेज़ी से शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में और डीएम नेहा शर्मा की सक्रिय निगरानी में नदी की सफाई, गाद निकालने, जलधारा को पुनः प्रवाहमान बनाने और तटों पर वृक्षारोपण का कार्य किया जा रहा है। इस मिशन का उद्देश्य सिर्फ एक जल स्रोत को पुनर्जीवित करना नहीं, बल्कि गोंडा की सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरणीय संतुलन को फिर से स्थापित करना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि “मनोरमा नदी सिर्फ एक जलधारा नहीं, बल्कि हमारी परंपरा, संस्कृति और जैवविविधता का प्रतीक है। इसे बचाना हमारी ज़िम्मेदारी है और इस कार्य को जनसहभागिता से ही सफल बनाया जा सकता है।”
मिशन मनोरमा को लेकर स्थानीय जनता, ग्राम पंचायतें और पर्यावरण प्रेमी संगठनों ने भी पूरा समर्थन जताया है। उम्मीद है कि यह नदी पुनः अपने पुराने स्वरूप में लौटेगी और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और समृद्ध प्राकृतिक धरोहर के रूप में मिलेगी।





