
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: जिलाधिकारी विशाख जी0 ने काकोरी ट्रेन ऐक्शन की वर्षगांठ पर आगामी 8 अगस्त को काकोरी के शहीद स्मारक स्थल बाज नगर हरदोई रोड़ पर होने वाले आयोजन की सभी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों द्वारा उक्त स्थल पहुँच कर सभी व्यवस्थाओ का जायज़ा लिया एवं मुख्य पंडाल, शहीद मंदिर, अभिलेख प्रदर्शनी, वृक्षारोपण स्थलआदि का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व पूरी कर ली जाए।उन्होने कहा कि पहुंच मार्ग, कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, पेंटिंग कार्य एवं आवश्यक मरम्मत कार्य निर्धारित समय के अंतर्गत करा लिया जाये।
परिसर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत काकोरी को निर्देश दिये है कि कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई चूने का छिड़काव, घास कटाई सभी आवश्यक तैयारियाॅं समय से कराना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर एम्बुलेन्स व चिकित्सको की टीम की व्यवस्था तथा चिकित्सा कैम्प के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया। पेयजल हेतु टैंकर लगाने के निर्देश महाप्रबन्धक जल संस्थान को दिये गये।
उन्होने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर फायर ब्रिगेड गाड़ी, विद्युत आपूर्ति, मोबाइल शौचालय की व्यवस्था समयानुसार सुनिश्चित कर लिया जाये। निरीक्षण के दौरान उपस्थित अपर निदेशक संस्कृति को निर्देशित किया गया कि काकोरी स्मृति स्थल के अंदर निर्मित शहीद मंदिर व प्रदर्शनी स्थल का थीम आधारित पेंटिंग का कार्य यथाशीघ्र पूर्ण किया जाए एवं जगह जगह पर काकोरी ट्रेन एक्शन की थीम पर आधारित सेल्फी प्वॉइंट तैयार किए जाए।
उक्त के बाद जिलाधिकारी द्वारा वृक्षारोपण स्थल का भी निरीक्षण किया गया। प्रभागीय वन अधिकारी द्वारा बताया गया कि वृक्षारोपण स्थल तैयार कराया जा रहा है जिसके लिए चंदन, रूद्राक्ष आदि पौधों का रोपण किया जाना प्रस्तावित है। जिसके सम्बन्ध में जिलाधिकारी द्वारा प्रभागीय वन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वृक्षारोपण साइट का लेआउट बना कर लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध कराया जाए ताकि लोक निर्माण विभाग द्वारा पार्क के साइट पर पाथ वे का निर्माण कराया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, एसीपी काकोरी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी महेंद्रपाल सिंह, उप जिलाधिकारी सदर मनोज सिंह सहित माध्यमिक शिक्षा, पुलिस, तहसील सदर, नगर पंचायत काकोरी, क्षेत्र पंचायत काकोरी, नगर निगम, स्वास्थ्य आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।





