
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने अपने एक दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज 20 मार्च 2026 को भटनी एवं सलेमपुर रेलवे स्टेशनों तथा भटनी–मऊ रेल खंड दोहरीकरण योजना के अंतर्गत सलेमपुर–लार रोड स्टेशनों के मध्य चल रहे कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। मंडल रेल प्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत भटनी जंक्शन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए पैदल उपरिगामी पुल, प्लेटफार्मों की सतह, यात्री शेड विस्तार, सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन भवन निर्माण, फसाड सुधार, पोर्च निर्माण, ग्रीन पार्क विकास तथा आगमन–प्रस्थान कोंकोर्स सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान उन्होंने रेलवे कर्मचारियों की सुविधा हेतु भटनी स्थित “मनोरंजन कक्ष” के जीर्णोद्धार के लिए कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उसे वर्तमान स्थान से स्थानांतरित कर पुराने आरआरआई भवन में स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने भटनी जंक्शन के एकीकृत क्रू रनिंग रूम, यार्ड में पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग (संख्या 490 A & B), समपार संख्या 116 स्पेशल का संरक्षा निरीक्षण किया तथा गेटमैन अमित कुमार के संरक्षा ज्ञान का परीक्षण किया। इसके अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल बैरक एवं आवासीय रेलवे कॉलोनी का भी निरीक्षण कर कर्मचारियों एवं उनके परिजनों की समस्याओं का संज्ञान लिया।
इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने सलेमपुर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पैदल उपरिगामी पुल, प्लेटफार्म, फसाड, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग एवं प्रतीक्षालय सहित यात्री सुविधाओं के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।सलेमपुर–लार रोड खंड में चल रहे दोहरीकरण कार्यों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं समयबद्ध पूर्णता का आकलन किया। इस दौरान विभिन्न साइटों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं संसाधनों के समुचित उपयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यों को निर्धारित समयसीमा में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर एवं सुगम रेल सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर प्रथम शैलेन्द्र सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तृतीय आयुष कुमार सिंह, सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) सौरभ राठौर, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) अभिषेक राय, मंडल वाणिज्य प्रबंधक रमेश पाण्डेय, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार, सहायक मंडल इंजीनियर श्री मनीष तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



