
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: मण्डलायुक्त राजेश कुमार ने आज जिला चिकित्सालय अयोध्या का स्थलीय औचक निरीक्षण किया गया। मण्डलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय के गेट पर निर्माण सामग्री व गंदगी पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिये।
उन्होंने अग्निशमन यंत्रों को चेक करते हुए पाया कि यंत्र की एक्सपायरी तिथि बीत चुकी है, जिसको बदलने तथा सभी अग्निशमन यंत्रों को चेक कराने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दिये गये। मण्डलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान मरीजों एवं उनके अभिभावकों से वार्ता करते हुए चिकित्सा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीजों को अस्पताल में उपलब्ध दवाइयां ही लिखी जाय तथा जो दवाइयां उपलब्ध नहीं है उनको प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्रों से क्रय किये जाने हेतु प्रोत्साहित किया जाय।

मण्डलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान ओ0पी0डी0 के विभिन्न कक्षों तथा परिसर में स्थापित ब्लड बैंक, फिजियोथैरेपी सेंटर, आई0सी0यू0 वार्ड, पेडियाट्रिक वार्ड सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण किया गया और साफ सफाई की कमी पाए जाने पर सफाई कान्टैक्टर के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिये कि परिसर में मौजूद विभिन्न निष्प्रयोज्य सामानों की नीलामी करायी जाय तथा परिसर के नाली निर्माण सहित अन्य मरम्मत कार्यो के लिए भेजे गये प्रस्ताव की जानकारी करते हुये जल्द पूर्ण कराने के लिए कहा गया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान परिसर में बनाये गये रैन बसेरे पर ताला लगा पाये जाने पर नाराजगी जतायी और कहा कि इसको प्रयोग में लाया जाय तथा आक्सीजन प्लांट का भी पूर्ण उपयोग किया जाना सुनिश्चित किया जाय।

इसके साथ ही उन्होंने चिकित्सालय में भर्ती मरीजों के लिए पकाये जा रहे भोजन कक्ष को भी देखते हुये मरीजों को वितरित किये जा रहे भोजन एवं दूध की जानकारी ली गयी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि खाने में पौष्टिक आहार की मात्रा बढ़ायी जाय एवं मीनू के अनुसार खाना बनवाकर वितरित कराया जाय। उन्होंने परिसर में वाहनों की पार्किंग की मनमानी व्यवस्था को देखते हुये उसको सुव्यवस्थित किये जाने के निर्देश दिये गये। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय सर्वेश कुमार ने विभिन्न पटलों के विषय में जानकारी शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिये।





