
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: आगामी 12 अक्टूबर 2025 को होने वाली सम्मिलित राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा०) परीक्षा-2025 तथा सहायक वन संरक्षक क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा०) परीक्षा-2025 के मद्देनजर आज जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा लोक सेवा आयोग परीक्षा भवन में समस्त केंद्र व्यवस्थापकों, सह केंद्र व्यवस्थापकों और नोडल अधिकारियों व सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई।
जिलाधिकारी द्वारा समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि समस्त केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से आयोग द्वारा जारी की गई प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए परीक्षा को सम्पन्न कराया जाए। जिलाधिकारी द्वारा बताया गया की सभी केंद्र व्यवस्थापक गहनता के साथ आयोग द्वारा जारी गाइडलाइंस का अध्यन करना सुनिश्चित कर ले। किसी भी प्रकार की लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 59 केन्द्र बनाए गए है। उन्होंने बताया कि परीक्षा रविवार को होनी है। उन्होंने बताया कि दो पाली में परीक्षा सम्पन्न कराई जाएगी। दिनाक 12-10-2025 रविवार को प्रथम पाली 09:30 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 02:30 बजे से सायं 04:30 बजे तक होगी। जिलाधिकारी द्वारा बताया गया की पेपर परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट के द्वारा पुलिस अभीरक्षा में पहुंचाएं जाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार जनपद लखनऊ में 27456 परीक्षार्थी भाग ले रहे है। उन्होंने बताया की सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों को चेक कर लिया जाए कि सभी कार्यशील है अथवा नही। साथ ही निर्देश दिया की प्रत्येक केंद्र के बाहर परीक्षार्थी के मोबाइल आदि जमा कराने के लिए व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि नकलविहीन परीक्षा कराने के उद्देश्य से 59 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 59 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। जिलाधिकारी द्वारा समस्त केंद्र व्यवस्थापकों एवं नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी केंद्रों पर लाइट, पंखे, पेयजल और शौचालयों की व्यवस्था को सुनिश्चित करा लिया जाए। सभी कमरों में व्यापक प्रकाश की व्यवस्था को सुनिश्चित कराया जाए। यदि कोई कमी है तो तत्काल उसे पूरा किया जाए।
उक्त बैठक में उप सचिव लोक सेवा आयोग विवेक श्रीवास्तव,अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति ज्योति गौतम, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश सिंह व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



