
- रिपोर्ट: राजीव आनन्द
लखनऊ: बच्चों को भिक्षावृत्ति से मुक्त कराने एवं बच्चों को शिक्षा की ओर ले जाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के दृष्टिगत विद्यालयों में भिक्षावृत्ति से मुक्त कराए गए बच्चों के दाखिला के सम्बन्ध में आज जिलाधिकारी लखनऊ विशाख द्वारा प्राथमिक विद्यालय अल्लूनगर डिगुरिया व प्राथमिक विद्यालय घैला का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय अल्लूनगर डिगुरिया की प्रधानाचार्य द्वारा बताया गया कि 6-11 आयु वर्ग के सभी 09 बच्चों का प्रवेश विद्यालय में कर लिया गया है, तथा 11-14 आयु वर्ग के कुल 04 बच्चों का प्रवेश कम्पोजिट विद्यालय अल्लू नगर डिंगुरिया में करा दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा बताया गया कि विद्यालय के आसपास की बस्तियों का सर्वे कराया गया है। जिसमें 40-45 बच्चे चिन्हित किए गए है। जिसमें 20 से अधिक बच्चे 0- 5 आयु वर्ग के है। जिसके सम्बन्ध में जिलाधिकारी द्वारा बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं डीपीओ आईसीडीएस को निर्देशित किया गया कि उक्त आयु वर्ग के बच्चों को पास के आंगनबाड़ी केंद्र में दाखिला दिलाया जाए।
उक्त के बाद जिलाधिकारी द्वारा प्राथमिक विद्यालय घैला का निरीक्षण किया गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा बताया गया कि इस विद्यालय में 9 बच्चों को प्रवेश दिलाया गया है। साथ ही पास के प्राथमिक विद्यालय मुत्तकीपुर में सर्वे में चिन्हित 17 बच्चों का नामांकन करा दिया गया है। जिलाधिकारी द्वारा जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को बाल सेवा योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि जनपद की ऐसे इलाकों में, जहाँ बच्चें भिक्षावृत्ति कर रहे हैं,उनका सर्वे करके उन्हें उनकी उम्र के हिसाब से आईसीडीएस व प्राथमिक विद्यालयों में दाखिला दिलाए।
उक्त के पश्चात जिलाधिकारी द्वारा वर्तमान में खरीफ फसलों की बुवाई रोपाई हेतु जनपद लखनऊ में यूरिया एवं फास्फेटिक उर्वरक की उपलब्धता का सत्यापन करने उद्देश्य से सहकारिता विभाग के अधीन बी-पैक्स पहिया आजमपुर (वि०ख० काकोरी) का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के समय समिति पर यूरिया 14.265 मै०टन डी०ए०पी० 20.350 मै० टन उपलब्ध पायी गयी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा स्टॉक व वितरण रजिस्टर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि कल दिनांक 10 जुलाई को 19 किसानों द्वारा उर्वरक क्रय किए गए। निर्देशित किया गया कि उर्वरक प्राप्त करने वाले सभी कृषकों का मो०नं० अनिवार्य रूप से रजिस्टर में अंकित किया जाए और उप निदेशक कृषि को निर्देशित किया कि दिनांक 10 जुलाई को उर्वरक प्राप्त करने वाले 19 कृषकों में से 10 से दूरभाष पर बात कर सत्यापन करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
उक्त निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, उप जिलाधिकारी सदर मनोज सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी राम प्रवेश, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुधाकर शरण पांडे, ए०आर० कोआपरेटिव वैशाली सिंह व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।





