- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। स्वामी विवेकानंद मंडलीय चिकित्सालय (भेलूपुर चौराहा) में अब दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा शुरू की जाएगी। यह निर्णय जिला दिव्यांग सलाहकार बोर्ड की बैठक में उठाई गई मांग के बाद लिया गया है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाराणसी द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि प्रत्येक महीने के तृतीय और चतुर्थ गुरुवार को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक अस्पताल परिसर में दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे।
दिव्यांग बंधु डॉ. उत्तम ओझा ने बताया कि कोरोना काल से पहले उनके अनुरोध पर यहां दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था थी, लेकिन कोविड के दौरान यह सुविधा बंद हो गई थी। इसके कारण काशी के दक्षिणी क्षेत्र में रहने वाले दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दीनदयाल उपाध्याय मंडलीय चिकित्सालय या कबीर चौरा मंडलीय चिकित्सालय जाना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती थी।
उन्होंने बताया कि इस समस्या को देखते हुए उन्होंने जिला दिव्यांग सलाहकार बोर्ड की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी से अनुरोध किया था। इस पर त्वरित निर्णय लेते हुए फिर से भेलूपुर स्थित अस्पताल में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा शुरू करने का आदेश जारी किया गया।डॉ. उत्तम ओझा ने इस पहल के लिए जिलाधिकारी वाराणसी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग वाराणसी के प्रति आभार व्यक्त किया।




