
- ज्ञानेश वर्मा / यूपी हेड
लखनऊ।
हाल ही में उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में टॉप लेवल पर हुए बदलाव के बाद कई सीनियर आईएएस अफसरों के विभागों में फेरबदल किया गया। इसी क्रम में कमिश्नर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FSDA) विभाग में तैनात वरिष्ठ आईएएस राजेश कुमार 2 ने सोमवार को एफएसडीए की जिम्मेदारी पूर्व लखनऊ कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब को सौंप दी। इसके साथ ही उन्होंने दोपहर में पर्यटन निदेशालय में महानिदेशक पद का कार्यभार संभाल लिया।
समाचार TODAY 24 के यूपी हेड ज्ञानेश वर्मा से विशेष बातचीत में पर्यटन महानिदेशक राजेश कुमार 2 ने कहा कि उनकी प्राथमिकता प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि जिले के प्रमुख मंदिरों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और अयोध्या में दीपावली महोत्सव का आयोजन भी भव्य स्तर पर किया जाएगा, जिसे हर नागरिक को देखना चाहिए।
गौरतलब है कि एफएसडीए विभाग में कार्यरत रहते हुए राजेश कुमार 2 ने फर्जी दवाइयां बनाने वालों के खिलाफ करोड़ों रुपये की कार्रवाई की थी। साथ ही होटलों और रेस्टोरेंट्स में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सख्त छापेमारी कर उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की थी।
अब पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे उम्मीद की जा रही है कि यूपी के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएंगे।




