
- रिपोर्ट:अनुराग सिंह बिष्ट, लखनऊ/झांसी
झांसी। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक तथा सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक श्री राजीव कृष्णा ने शुक्रवार को उ.प्र. सतर्कता अधिष्ठान, झांसी सेक्टर (विजिलेंस) के प्रस्तावित कार्यालय भवन के निर्माण कार्य का वर्चुअल शिलान्यास किया।
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सतर्कता अधिष्ठान के 09 सेक्टर कार्यालयों हेतु भूमि क्रय और भवन निर्माण की प्रक्रिया प्रचलित है। इसी क्रम में झांसी सेक्टर कार्यालय के लिए आवंटित भूमि पर भवन निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है।
डीजीपी ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश
वर्चुअल शिलान्यास के अवसर पर डीजीपी राजीव कृष्णा ने संबोधित करते हुए निर्माण एजेंसियों और अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने कहा—
भवन निर्माण त्वरित गति से कराया जाए।
निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
भवन में बिजली, पानी और अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
भविष्य में कार्यालय भवन के पास ही आवासीय सुविधा विकसित की जाए।
सतर्कता के अन्य सेक्टर कार्यालयों के भवन निर्माण हेतु अगले वित्तीय वर्ष का बजट प्रस्ताव शीघ्र भेजा जाए।
निर्माण कार्य की हर 15 दिन में समीक्षा अनिवार्य रूप से की जाए।
डीजीपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए बधाई भी दी।
अधिकारियों की उपस्थिति और प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान सतर्कता अधिष्ठान की ओर से—
आईजी विजिलेंस श्रीमती मंजिल सैनी,
डीआईजी विजिलेंस श्री रामकिशुन,
अन्य अधिकारी-कर्मचारी
तथा पीडब्ल्यूडी विभाग के इंजीनियर्स
मौजूद रहे।
इस अवसर पर प्रस्तावित भवन निर्माण से संबंधित एक शॉर्ट फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें भवन की रूपरेखा और भविष्य की सुविधाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।
झांसी में सतर्कता अधिष्ठान के इस नए भवन से क्षेत्र में निगरानी एवं भ्रष्टाचार निवारण कार्यों को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


