
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। नगर निगम वाराणसी के मुख्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को अंग्रेजी नववर्ष 2026 के अवसर पर एक भव्य संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नगर के विकास कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का संकल्प दोहराते हुए पार्षदों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर नगर निगम प्रशासन की ओर से सभी पार्षदों को नववर्ष की डायरी भेंट कर नववर्ष की शुभकामनाएं दी गईं।
महापौर ने कहा कि शहर की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना और वार्ड स्तर पर विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करना नगर निगम की प्राथमिकता है।कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित पूर्व महापौर कौशलेंद्र सिंह ने पार्षदों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में पार्षदों की भूमिका सबसे अहम होती है और उनकी सक्रिय सहभागिता से ही शहर का समग्र विकास संभव है।
वहीं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पार्षदों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए भरोसा दिलाया कि नए वर्ष में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण, स्वच्छता और शहर के सुंदरीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्षदों की उपस्थिति रही, जिससे संवाद कार्यक्रम सार्थक और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।





