
- रिपोर्ट: सुरेश त्रिपाठी ज़िला संवाददाता
बलरामपुर। जनपद बलरामपुर के गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े एक वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने वीडियो में दिखाई दे रहे सिसवा ग्राम प्रधान मोहम्मद आमिर के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक बलरामपुर को औपचारिक रूप से पत्र प्रेषित किया है।
डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो में एक हिंदू भाई द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जयघोष किए जाने पर,एक सरकारी कार्यालय में बैठकर प्रधान मोहम्मद आमिर द्वारा लगातार मां-बहन की अशोभनीय गालियां दी जा रही हैं और सनातन धर्म का खुलेआम अपमान किया गया है,जो अत्यंत निंदनीय और अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि यह न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है,बल्कि सामाजिक सौहार्द को तोड़ने का भी प्रयास है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि मोहम्मद आमिर ने पिछड़े समाज से आने वाले महतो (कुर्मी) समाज और यादव समाज के लोगों को भी अपमानजनक गालियां दीं तथा दुर्गा पूजा जैसे पावन पर्व को रोकने का षड्यंत्र रचा,जो अत्यंत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का कृत्य किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह ने यह भी कहा कि छद्म सामाजिक कार्यकर्ता के आवरण में मोहम्मद आमिर ने भाजपा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को लगातार प्रताड़ित किया है,जिसकी भी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही जिस सरकारी कार्यालय में बैठकर इस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया गया,वहां मौजूद संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध भी विभागीय जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो भी व्यक्ति सनातन धर्म का अपमान कर समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास करेगा,उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश की पूज्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की सरकार कठोर से कठोर कार्रवाई करेगी और ऐसे तत्वों की “गर्मी अवश्य शांत की जाएगी।”
नगर पालिका अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि मामले की तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए,ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार से धार्मिक भावनाओं और सामाजिक एकता के साथ खिलवाड़ करने का दुस्साहस न कर सके।





