
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
नई दिल्ली: दक्षिणपुरी इलाके में रविवार को एक घर में चार युवक बेहोशी की हालत में पाए गए। पुलिस के अनुसार, इनमें से तीन की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि एक का इलाज जारी है।
डीसीपी अंकित चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी युवकों की उम्र 20 से 25 साल के बीच थी और वे एसी मैकेनिक थे। मौके से एसी यूनिट और गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि चारों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। चौथे युवक की हालत गंभीर है और उसका इलाज चल रहा है।
अधिकारी ने कहा, “प्रथम दृष्टया कोई आपराधिक गतिविधि नजर नहीं आ रही है। यह जांच का विषय है कि घटना गैस लीक की वजह से हुई या कोई अन्य कारण है।”
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।





