
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जे एन तिवारी के नेतृत्व में संयुक्त परिषद के पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने आज मुख्य सचिव के लोक भवन स्थित उनके कार्यालय कक्ष में प्रदेश के नए मुख्य सचिव एसपी गोयल से मुलाकात कर उनको दी बधाई।
प्रतिनिधि मंडल में संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जे एन तिवारी, महामंत्री अरुणा शुक्ला, उपाध्यक्ष त्रिलोकी नाथ चौरसिया, आदित्य नारायण झा एवं हर्ष कुमार शामिल थे।
संयुक्त परिषद की महामंत्री अरुणा शुक्ला ने यह जानकारी एक प्रेस विज्ञप्ति में लखनऊ में दिया है।
संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जे एन तिवारी ने पुष्प गुच्छ देकर नए मुख्य सचिव का स्वागत किया ,जबकि महामंत्री अरुणा शुक्ला ने विघ्न विनाशक श्री गणेश की मूर्ति देकर विघ्न रहित कार्यकाल पूरा करने की इच्छा के साथ मुख्य सचिव का स्वागत किया।
जे एन तिवारी ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि कर्मचारियों की मुख्य सचिव के पद पर वह पहली पसंद है। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि नए मुख्य सचिव के कार्यकाल में प्रदेश का चतुर्मुखी विकास होगा एवं कर्मचारियों की समस्याओं का भी समाधान होगा।
संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जे एन तिवारी ने नए मुख्य सचिव को आश्वस्त किया कि प्रदेश के 10 लाख से भी अधिक राज्य कर्मचारियों का नेतृत्व करने वाले राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद का पूरा सहयोग शासन के रचनात्मक कार्यों में मिलेगा।

उन्होंने आशा व्यक्त किया कि कर्मचारियों की लंबित समस्याओं पर मुख्य सचिव वार्ता कर उनका समाधान कराएंगे। मुख्य सचिव ने प्रदेश के कर्मचारियों की तरफ से राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद द्वारा दी गई शुभेच्छाओं को स्वीकार करते हुए कर्मचारियों की उचित मांगों का संज्ञान लेकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ कार्य करें ,सरकार उनकी समस्याओं का संज्ञान लेकर समुचित निराकरण करती रहेगी।





