
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी (एसीपी, दशाश्वमेध) का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह हाथ में ड्रिप की नीडल लगी होने के बावजूद अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी इस समय उपचाराधीन हैं। इलाज के दौरान ही उन्हें किसी जरूरी पुलिस कार्य के संबंध में फोन आया। इसके बाद उन्होंने बिस्तर से उठकर वर्दी पहनी और ड्यूटी के लिए रवाना हो गए।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि उनके हाथ में ड्रिप की नीडल लगी हुई है, फिर भी वह पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। इसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। लोग इस वीडियो को बड़े पैमाने पर शेयर करते हुए एसीपी के जज्बे और समर्पण की सराहना कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर यूजर्स उन्हें ‘कर्तव्य का सच्चा प्रहरी’ बताते हुए लिख रहे हैं कि ऐसे अधिकारियों पर पूरे पुलिस विभाग को गर्व होना चाहिए। यह वीडियो इस बात का प्रमाण है कि वाराणसी पुलिस हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तत्पर रहती है।
एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी का यह समर्पण न केवल पुलिस विभाग बल्कि पूरे प्रशासन के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है। उनके इस जज्बे ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उनके लिए सबसे पहले कर्तव्य है, चाहे व्यक्तिगत परिस्थितियां कैसी भी क्यों न हों।




