
- रिपोर्ट: अमित कुमार
लखनऊ। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद द्वारा महिलाओं के प्रति अपमानजनक कृत्य के खिलाफ महिला कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष नाजिस फातिमा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कमला नेहरू भवन के समक्ष जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा, जिसमें महिलाओं के सम्मान की रक्षा एवं कैबिनेट मंत्री संजय निषाद की बर्खास्तगी की मांग की गई।
महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष का बयान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष श्रीमती नाजिस फातिमा ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर का सार्वजनिक रूप से हिजाब खींचना महिला गरिमा, धार्मिक स्वतंत्रता और संविधान पर सीधा हमला है। वहीं, मंत्री संजय निषाद द्वारा महिलाओं को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणियां, जैसे “नकाब छू दिया तो इतना हो गया, कहीं और छूते तो क्या होता”, उनकी महिला विरोधी सोच को उजागर करती हैं। महिला कांग्रेस इन घटनाओं की कड़ी निंदा करती है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करती है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष का मत
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों से मर्यादित आचरण की अपेक्षा होती है, लेकिन भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेता लगातार महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी महिलाओं की गरिमा और अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
पूर्व जिलाध्यक्षों के विचार
पूर्व जिलाध्यक्ष श्री राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आज देश में महिलाओं के खिलाफ जिस तरह की भाषा और व्यवहार को बढ़ावा दिया जा रहा है, वह अत्यंत चिंताजनक है। कांग्रेस पार्टी इस तरह की मानसिकता के खिलाफ मजबूती से खड़ी है और दोषियों को जवाबदेह बनाने तक आंदोलन जारी रहेगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य अशोक सिंह ने कहा कि महिलाओं के प्रति अपमानजनक व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को चाहिए कि ऐसे मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों पर तत्काल कार्रवाई करे, अन्यथा जनता उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
ज्ञापन सौंपा गया
कार्यक्रम के उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल द्वारा राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें महिलाओं के सम्मान की रक्षा एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
उपस्थित प्रमुख नेता
इस अवसर पर प्रमुख रूप से पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, महानगर उपाध्यक्ष हरजीत सिंह सलूजा, सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामेंद्र त्रिपाठी, कांग्रेस नेता मदन बिहारी सिंह, डॉ. विनोद गुप्ता, उमेश उपाध्याय, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, अशोक कुमार राय, देव कुमार वर्मा, नसीम जहरा, शकीला बानो, अकीला बानो, रुखसार आदि उपस्थित रहे।





