
-रेल अवसंरचना सहित संरक्षा, यात्री सुविधा एवं परिचालन व्यवस्था का गहन जायजा
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली डीडीयू मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने आज निरीक्षण यान ‘परख’ से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से अंकोरहा तक चल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मार्ग में विभिन्न स्टेशनों एवं महत्वपूर्ण बिंदुओं पर रेल अधिकारियों के साथ स्थलीय जायजा लिया गया। इस दौरान रेल अवसंरचना, संरक्षा, परिचालन सुगमता, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता एवं समग्र व्यवस्था पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।
निरीक्षण के क्रम में मीना ने सैयदराजा-कर्मनाशा रेल खंड में रेल पुल संख्या 697 के स्ट्रक्चर, ट्रैक एवं फिटिंग्स का विस्तृत निरीक्षण किया। कर्मनाशा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता एवं रेल परिचालन की समग्र व्यवस्था का गहन जायजा लिया गया।
पुसौली स्टेशन सीमा में पॉइंट एवं क्रॉसिंग, थिक वेब स्विच तथा स्विच सेटिंग डिवाइस की स्थिति एवं कार्यशीलता का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। बगहा बिशुनपुर स्टेशन की सीमा में स्थित रेल पुल एवं समपार संख्या 6 का संरक्षा केंद्रित निरीक्षण किया गया।
अंकोरहा स्टेशन पर रनिंग रूम की सुविधाओं एवं व्यवस्था का निरीक्षण किया गया, जहां उत्तम रखरखाव के लिए संबंधित टीम को पुरस्कृत किया गया। इसी स्टेशन पर स्टेशन प्रबंधक कक्ष एवं क्रू लॉबी की स्थिति एवं कार्य प्रणाली का भी सूक्ष्म अवलोकन किया गया। सुचारू व्यवस्था एवं उल्लेखनीय सुधार के लिए दोनों टीमों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान किया गया।
अंत में शिवसागर रोड स्टेशन पर यात्री सुविधा, रेल परिचालन व्यवस्था एवं कार्य प्रणाली का निरीक्षण किया गया। मीना द्वारा निरीक्षण के दौरान संरक्षा, रखरखाव एवं यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार पर बल दिया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों को पुरस्कृत कर मंडल में सकारात्मक कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित किया गया।





