
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदू सम्राट कहे जाने वाले बाबू जी कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि आगामी 21 अगस्त को अलीगढ़ में बड़े सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित दोनों डिप्टी सीएम और कई कैबिनेट मंत्री मौजूद रहेंगे।
यह पुण्यतिथि “तृतीय गौरव दिवस” के रूप में भी मनाई जाएगी। कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापक तैयारियां की गई हैं। अलीगढ़ में चारों ओर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा, और पूरे जिले की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जाएगा।
यह आयोजन अलीगढ़ की ताला नगरी में होगा, जहां कल्याण सिंह की स्मृति में अनेक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और व्यवस्था दोनों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।





