
- रिपोर्ट : अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। गुरु गोविंद सिंह स्टडी सर्किल द्वारा 1 जून से आयोजित गुरमत समर कैंप का भव्य समापन समारोह आज केंद्रीय सिंह सभा गुरुद्वारा आलमबाग में संपन्न हुआ।
समारोह में कैंप के दौरान विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। बच्चों ने मंच पर हारमोनियम, तबला, पगड़ी सिखलाई, पंजाबी भाषा, सिख इतिहास और आर्ट एंड क्राफ्ट जैसी सीखी गई कलाओं का प्रस्तुतीकरण किया।
बच्चों को शिक्षित करने वाले सभी शिक्षकों ने उन्हें आत्मविश्वास के साथ मंच पर उतारने के लिए भरपूर मेहनत की, ताकि वे आगे चलकर समाज और देश की सेवा में योगदान दे सकें।
गुरु गोविंद सिंह स्टडी सर्किल के जिला सचिव प्रितपाल सिंह ने बताया कि संस्था द्वारा ऐसे आयोजन नियमित रूप से किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य बच्चों को धार्मिक शिक्षा, अच्छे संस्कार और देशभक्ति की भावना से जोड़ना है।
गुरु गोविंद सिंह स्टडी सर्किल, एक धार्मिक, शैक्षणिक व गैर राजनीतिक संगठन, वर्ष 1972 से देश-विदेश में समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय सिंह सभा गुरुद्वारा आलमबाग के अध्यक्ष सरदार निर्मल सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव प्रितपाल सिंह ने किया।
इस अवसर पर राज्य सचिव सरदार सतविंदर सिंह ने बताया कि हर वर्ष गर्मियों की छुट्टियों में बच्चों के लिए ज्ञान अंजन गुरमत समर कैंप आयोजित किया जाता है, जिससे बच्चे कुछ नया सीखकर अपने-अपने क्षेत्रों में समाजसेवा कर सकें।
समारोह में हरजीत सिंह, सरबजीत सिंह, परनीत कौर, रविंदर कौर सहित स्टडी सर्किल के सभी सदस्य उपस्थित रहे।





