
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
बिजनौर: जिला मेडिकल अस्पताल में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मरीज के तीमारदारों ने सफाई कर्मचारी के साथ जमकर मारपीट की। यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित जिला अस्पताल परिसर में हुई।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में सफाई के दौरान अंदर जाने को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते बढ़ गया। तीमारदारों ने सफाई कर्मचारी पर बेल्ट, लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे उसे कई जगहों पर चोटें आई हैं।
घायल सफाई कर्मचारी का इलाज फिलहाल जिला अस्पताल में ही चल रहा है।
पीड़ित ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
मारपीट के बाद सफाई कर्मचारी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
अस्पताल प्रशासन ने भी घटना की निंदा की है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। अस्पताल में तैनात कर्मचारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं उनके मनोबल को तोड़ती हैं और प्रशासन को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
यह घटना न सिर्फ अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि अस्पताल कर्मचारियों के साथ बढ़ती हिंसा एक गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है।





