
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी को चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, उच्चाधिकारीगण के कुशल निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में थाना ईओडब्ल्यू, वाराणसी पर पंजीकृत धारा 409, 420 व 120बी भा.दं.वि. के अंतर्गत दर्ज अभियोग में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।मंगलवार की रात्रि में ईओडब्ल्यू वाराणसी की टीम द्वारा ग्राम दामोदरपुर, थाना सारनाथ, जनपद वाराणसी से अभियुक्त की गिरफ्तारी की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजेश कुमार यादव पुत्र गंगा यादव, निवासी भैसोडी, थाना सारनाथ, वाराणसी के रूप में हुई है।प्रकरण के अनुसार, वर्ष 2014 में अभियुक्तगण द्वारा मेसर्स सांई कुंज इन्फ्राडेवलपर्स इंडिया लिमिटेड कंपनी की शाखा गाजीपुर में खोली गई। कंपनी के डायरेक्टरों ने स्वयं को कंपनी का एजेंट बताते हुए जनता को धन दोगुना करने, जमा धन पर अधिक ब्याज देने का प्रलोभन एवं भ्रामक प्रचार कर निवेश कराया।
इस क्रम में 27 निवेशकों से लगभग ₹8,36,000 (आठ लाख छत्तीस हजार रुपये) की धनराशि एकत्र की गई, जिसे अभियुक्तों ने आपसी मिलीभगत से गबन कर लिया।विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों के आधार पर इस प्रकरण में कुल 08 अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप प्रमाणित पाए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, वाराणसी के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।




