
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: इमामे हुसैन की शहादत की याद में शनिवार को पुराने लखनऊ में चेहल्लुम का ऐतिहासिक जुलूस निकाला गया। जुलूस की शुरुआत मौलाना कल्बे जवाद की मजलिस के बाद गमगीन माहौल में हुई, जहां हजारों अकीदतमंदों ने अश्कों के साथ इमामे हुसैन को याद किया।
जुलूस विक्टोरिया स्टेट से निकलकर अकबरी गेट, नखास, बलौजपुरा, बाज़ार खाला, हैदरगंज, बुलाकी अड्डा होते हुए कर्बला तालकटोरा पर सम्पन्न हुआ। इस दौरान “हाय हुसैन” और “या हुसैन” की सदाओं से पूरा इलाका मातम में डूबा नजर आया।
मातमी अंजुमनों ने कमा और जंजीर से मातम कर इमामे हुसैन की कुर्बानी को याद किया। अकीदतमंदों की भारी भीड़ ने पूरे श्रद्धा भाव से जुलूस में शिरकत की।
जुलूस के मद्देनज़र पुराने लखनऊ में भारी पुलिस बल तैनात रहा। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी की मदद से जुलूस की हर गतिविधि पर नजर रखी गई। प्रशासन की निगरानी और अकीदतमंदों की श्रद्धा के साथ चेहल्लुम का यह जुलूस शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ।





