
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
चंदौली। मुगलसराय में मेडिकल संचालक रोहिताश पाल की हत्या मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देश पर गठित 8 विशेष टीमें सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज, खुफिया इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार कड़ियां जोड़ रही हैं, जिससे पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।
पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है कि वारदात में तीन पेशेवर शूटर शामिल थे। दो बदमाश सीधे घटनास्थल पर पहुंचे, जबकि तीसरा बाइक के साथ आगे तैयार खड़ा था। एक शूटर ने पीछे से नजदीक जाकर गोली मारी, दूसरा दूरी से हालात की निगरानी करता रहा।
वारदात के बाद आरोपी खोवा मंडी गली, डाकघर एलबीएस कटरा होते हुए जीप स्टैंड दिशा में भागे, और उनकी तस्वीरें कई सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं।
पुलिस कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और आरोपियों के नेटवर्क को ट्रैक करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और जल्द ही महत्वपूर्ण खुलासा सामने आ सकता है।




