
- रिपोर्ट- प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस में उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की कथित विवादित टिप्पणी ने प्रदेशभर के वैश्य समाज को आहत कर दिया है। मंत्री के खिलाफ गुस्सा अब सड़कों पर उतर आया है।हाथरस के घंटाघर चौराहे पर अखिल भारतवर्षीय श्री वैश्य बारहसैनी युवा महासभा और अखिल भारतीय वैश्य महासंगठन के नेतृत्व में ज़ोरदार प्रदर्शन हुआ। समाज के लोगों ने एके शर्मा का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जाहिर किया और सरकार से तत्काल बर्खास्तगी की मांग की।
अपमान सहन नहीं होगा, ये चेतावनी है!
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ऊर्जा मंत्री द्वारा व्यापारी समाज के बारे में की गई कथित अभद्र टिप्पणी न सिर्फ समाज की गरिमा पर आघात है, बल्कि एक मंत्री पद की मर्यादा के भी खिलाफ है।
युवा महासभा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा-
हम वो समाज हैं जो राष्ट्र को कर देता है, अर्थव्यवस्था को खड़ा करता है, और उसी समाज को अगर कोई मंत्री अपमानित करे — तो यह निंदनीय ही नहीं, असहनीय भी है।
महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव ललतेश गुप्ता और महिला सचिव कृष्णा गुप्ता ने कहा कि यदि सरकार मंत्री को बर्खास्त नहीं करती, तो वैश्य समाज आने वाले चुनाव में भाजपा को उसका परिणाम भुगतने के लिए तैयार रखे।
घंटाघर पर गूंजे नारे, फूंका गया मंत्री का पुतला
प्रदर्शन के दौरान “एके शर्मा माफी मांगो”, “व्यापारी समाज का अपमान नहीं सहेगा भारत”, “मंत्री को हटाओ, समाज को सम्मान दिलाओ” जैसे नारे घंटाघर क्षेत्र में शाम तक गूंजते रहे।
गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला जलाकर विरोध का तीव्र रूप दिखाया।





