
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
बुलंदशहर: जिले में शर्मनाक घटना सामने आई है जहां दो कांस्टेबलों ने शराब के नशे में महिला SHO से न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि उन पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश भी की। दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना उस वक्त हुई जब महिला SHO, जो सिविल ड्रेस में थीं, किसी डॉक्टर से परामर्श के लिए निजी गाड़ी से जा रही थीं। तभी कांस्टेबल अनुज चौधरी और रूधन खोखर ने अपनी पुलिस की गाड़ी उनकी गाड़ी के आगे लगा दी।
जब महिला अधिकारी ने रास्ता देने को कहा तो दोनों ने बहस और अभद्रता शुरू कर दी। उन्होंने जब अपनी पहचान बताई कि वह महिला थाने की प्रभारी हैं, तब भी दोनों कांस्टेबल नहीं रुके। उल्टे उन्होंने कहा, “होगी थाना प्रभारी, जाओ कप्तान को फोन करके बता दो।”
महिला SHO ने पूरे मामले की शिकायत एएसपी से की, जिसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया गया। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
पुलिस विभाग इस मामले को अनुशासनहीनता और महिला अधिकारी के सम्मान से जोड़ते हुए सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।





