
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: बेटियां अब चुप नहीं बैठतीं… इसका जीता-जागता उदाहरण बुधवार को हाथरस जिले के सिकंद्राराऊ कस्बे में देखने को मिला। एक छात्रा ने बीच बाजार में अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक को जमकर सबक सिखाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना बुधवार शाम लगभग 4 बजे की है। डिग्री कॉलेज में दाखिला प्रक्रिया पूरी कर अपने घर लौट रही छात्रा पंत चौराहे पर वाहन का इंतजार कर रही थी। तभी एक बाइक सवार युवक ने उससे अश्लील टिप्पणी कर दी। छात्रा ने बिना डरे तुरंत युवक का विरोध किया और सड़क पर ही उसे सबक सिखाना शुरू कर दिया।
भीड़ ने भी मिलाया सुर, युवक की जमकर की धुनाई
छात्रा के शोर मचाने पर वहां मौजूद लोग एकत्र हो गए और देखते ही देखते युवक की जमकर पिटाई शुरू हो गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बहादुर छात्रा की सराहना की। चौराहे पर भारी भीड़ जुट गई और कुछ ही देर में यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
छात्रा की बहादुरी को सलाम
इस घटना ने साबित कर दिया कि अब बेटियां अत्याचार को चुपचाप सहने वाली नहीं रहीं। छात्रा ने न केवल हिम्मत दिखाई, बल्कि समाज को यह भी सिखाया कि गलत के खिलाफ आवाज उठाना ही असली हिम्मत है।





