
- रिपोर्ट: राजीव आनन्द
लखनऊ से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है।
सूत्रों का दावा है कि केंद्रीय नेतृत्व ने इस निर्णय पर सहमति बना ली है और दिल्ली में हुई अहम बैठकों में गृहमंत्री अमित शाह समेत कई शीर्ष नेताओं से चर्चा के बाद केशव मौर्य ने प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए हामी भर दी है।
बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व के पास तीन नामों पर विचार किया गया था, जिनमें पिछड़ा वर्ग के मौर्य, कुर्मी और सैनी बिरादरी के नेता शामिल थे। इनमें केशव प्रसाद मौर्य सबसे मजबूत दावेदार माने गए।
सूत्रों के अनुसार, 13 जुलाई से 17 जुलाई के बीच पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा कर सकता है। दिलचस्प बात यह है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा से पहले ही यूपी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है।
अब सबकी निगाहें भाजपा के आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं, जो राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकता है।





