
- रिपोर्ट: अमित कुमार
सुलतानपुर: समाजवादी पार्टी 26 जुलाई को एक बड़ी पीडीएफ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) महापंचायत का आयोजन करने जा रही है। इसकी जानकारी लोकसभा सांसद अवधेश प्रसाद ने सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। धान की रोपाई का समय चल रहा है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में बिजली नहीं आ रही, जिससे किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने गौशालाओं की बदहाल स्थिति को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में गौमाताओं को न तो चारा मिल रहा है, न पानी और न ही इलाज की व्यवस्था। इसके चलते बड़ी संख्या में गायों की मौत हो रही है, जो बेहद चिंताजनक है।
सांसद ने कहा कि सपा की आगामी महापंचायत में इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और जनता को सरकार की नाकामियों से अवगत कराया जाएगा।





