
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: प्रस्तावित 12 किलोमीटर लंबी बाईपास रेलवे लाइन के निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के चिन्हीकरण से प्रभावित गद्दोपुर क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों में रोष है। स्थानीय लोग अपनी जमीन और घरों के उजड़ने को लेकर विरोध में उतर आए हैं।
इसी सिलसिले में आज भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता गद्दोपुर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों के घरों पर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
विधायक ने माना: उजड़ सकते हैं कई परिवार
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने मौके पर कहा कि जिस तरह से चिन्हीकरण किया गया है, उससे कई परिवारों का उजड़ना तय है, जो कि चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि वे इस मसले को गंभीरता से सरकार के सामने उठाएंगे और रेल मंत्री तथा संबंधित अधिकारियों तक स्थानीय लोगों की आवाज पहुंचाएंगे।

विकल्प खोजने पर जोर
विधायक ने माना कि रेलवे बाईपास परियोजना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल जरूर है, लेकिन जिस तरह से इसका खाका तैयार किया गया है, उसमें स्थानीय स्थिति और जनसंख्या घनत्व की अनदेखी की गई है। उन्होंने इसे अदूरदर्शिता का परिणाम बताया और कहा कि वह इस प्रोजेक्ट के लिए बेहतर और जनहितकारी विकल्प तलाशने का प्रयास करेंगे।

लोगों का विरोध जारी, आंदोलन की चेतावनी
मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपने घर और जमीन को उजड़ने नहीं देंगे। लोगों ने आरोप लगाया कि प्रोजेक्ट की योजना बनाते समय स्थानीय हितों की अनदेखी की गई है। उनका कहना है कि वे शांतिपूर्ण आंदोलन करेंगे, लेकिन रेलवे लाइन को इस रूप में बनने नहीं देंगे।

कल सपा नेता पवन पांडे ने भी की थी मुलाकात
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्य मंत्री पवन पांडे भी कल पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें समर्थन और आश्वासन दे चुके हैं।
इस पूरे मुद्दे ने अब राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है, और आने वाले दिनों में यह एक बड़ा जन आंदोलन बन सकता है यदि सरकार ने शीघ्र समाधान नहीं निकाला।





