
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में प्रस्तावित गद्दोपुर मझवा रेल बाईपास योजना को लेकर स्थानीय लोग आंदोलनरत हैं। रेलवे मंत्रालय द्वारा इलाहाबाद-अयोध्या और लखनऊ-अयोध्या रेलवे लाइन के बीच से एक बाईपास रेलवे लाइन निकाले जाने की योजना बनाई गई है, जिसका उद्देश्य मालगाड़ियों को सीधे माल गोदाम से जोड़ना है।

हालांकि, इस परियोजना से गद्दोपुर मझवा क्षेत्र के हजारों लोग प्रभावित होंगे। बाईपास लाइन के लिए घरों और कृषि योग्य भूमि के अधिग्रहण की सूचना मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया है। लोगों का कहना है कि इस परियोजना से उनका पूरा इलाका उजड़ जाएगा और सैकड़ों परिवार बेघर हो जाएंगे।

स्थानीय नागरिकों ने आज आयुक्त राजेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि रेल लाइन को किसी अन्य मार्ग से निकाला जाए, जिससे उन्हें अपने घरों और ज़मीन से विस्थापित न होना पड़े। आंदोलनकारी निवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो विरोध और तेज़ किया जाएगा।





