
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ – इंदिरा नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक 15 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राज के रूप में हुई है, जो तकरोही नहरिया रोड पर गोल्डन पैराडाइस के सामने स्थित किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहा था।
राज का परिवार मूल रूप से बाराबंकी जिले के जहांगीराबाद का निवासी है। उसके माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और घटना के समय काम के सिलसिले में घर से बाहर थे। उसी दौरान, सुबह करीब 8 बजे, राज ने फांसी लगाकर जान दे दी।
घटना की जानकारी मिलते ही इंदिरा नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है, और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटना के बाद से परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। घर में मातम पसरा हुआ है और आसपास के लोग भी गमगीन हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि किशोर किसी मानसिक दबाव या पारिवारिक तनाव में तो नहीं था।





