
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
बाराबंकी: जिले के मसौली थाना क्षेत्र अंतर्गत बिंदौरा गांव के पास बाराबंकी-बहराइच हाईवे किनारे झाड़ियों में महिला सिपाही का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। शव की पहचान वर्दी पर लगी नेम प्लेट के आधार पर विमलेश कुमारी के रूप में हुई, जो वर्तमान में सुबेहा थाने में तैनात थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही आईजी प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही, फोरेंसिक टीम व पुलिस बल ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू कर दिया है।

आईजी ने इस मामले में बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि महिला सिपाही की हत्या उसके साथी आरक्षी सिपाही ने ही की है। महिला सिपाही विमलेश कुमारी ने वर्ष 2024 में रामनगर थाने में तैनात एक आरक्षी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि, जांच के बाद पुलिस ने उस मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी।

महत्वपूर्ण बात यह रही कि 164 के तहत दर्ज बयान में महिला सिपाही ने आरोपी आरक्षी के साथ कोर्ट मैरिज की बात स्वीकार की थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के आला अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।

फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है और यह मामला जिला पुलिस के लिए गंभीर चुनौती बनकर सामने आया है।





